कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के होटल मैनेजमेंट विभाग में मंगलवार को राजस्थानी थीम पर फूड फेस्टिवल आयोजित हुआ। इसमें होटल मैनेजमेंट अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न राजस्थानी पकवान बनाकर वाहवाही पाई।
मेन्यू में आम का पना, लस्सी, सत्तू का शरबत, मूंग दाल, दाल बाटी चूरमा, राजस्थानी कढ़ी, गट्टे की सब्जी, जयपुरी मेथी मलाई पनीर, बाजरे की रोटी व मिठाई में राजस्थानी घेवर, मालपुआ, रबड़ी आदि पकवान शामिल रहे। मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक, कुलसचिव डाॅ. अनिल कुमार यादव, डीन एकेडमिक प्रोफेसर बृष्टि मित्रा एवं डीन इनोवेशन प्रोफेसर शिल्पा कायस्थ ने हिस्सा लिया।
राजस्थानी थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। इसमें समृद्धि शर्मा ने गणेश वंदना व प्राची, तनु, प्रांजलि ने राजस्थानी फोक डांस प्रस्तुत किया। विभाग के निदेशक सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि इस आयोजन के पीछे छात्रों और शिक्षकों की मेहनत है। छात्रों की किचन टीम से आदर्श, ऋषि, अंकित, दानिश, प्रखर, उत्कर्ष, अरुण, आशी, साक्षी एवं अनिरुद्ध आदि ने सहयोग किया।