कानपुर। सीएम ग्रिड योजना के तहत बगिया क्रॉसिंग से केसा कार्यालय तक बन रही सड़क 15 अक्तूबर तक जनता को समर्पित की जाएगी। पहले यह मार्ग 15 जुलाई तक बनाने का अल्टीमेटम दिया गया था लेकिन बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने इसका कार्य पूरा करने की समय सीमा बढ़ा दी है।
नगर आयुक्त ने गुमटी नंबर-9 क्रॉसिंग, शारदानगर, छपेड़ा पुलिया, हरी गर्ल्स हाॅस्टल काकादेव, कुलवंती कूड़ाघर, नमक फैक्टरी चौराहा, शन्नैश्वर मंदिर रोड आवास विकास आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कुलवंती अस्पताल के पास कूड़ाघर में गंदगी मिलने पर जोनल अभियंता को फटकार लगाई और 15 दिन में इस कूड़ाघर के फर्श व अन्य कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। छपेड़ा पुलिया चौराहे से सब्जी मंडी की ओर चलने पर ग्रीनबेल्ट में एक स्थान पर कूड़ा मिला। नगर आयुक्त ने इस स्थान पर नए आधुनिक कूड़ाघर (पीटीसीएस) बनाने के लिए सभी विकल्प देखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमित सिंह, महेंद्र कुमार, आरके सिंह, दिवाकर भास्कर, विजय शंकर शुक्ला व अन्य मौजूद रहे।