भरुआसुमेरपुर में एक और ढोंगी बाबा का काला कारनामा सामने आया है। दरअसल, उसने झाड़-फूंक कराने के लिए आने वाली एक महिला के साथ रहने का अनुबंध पत्र करा लिया है। अब महिला का शिक्षक पति अपनी पत्नी को पाने के लिए जगह-जगह गुहार लगा रहा है।
हमीरपुर जिले में भरुआसुमेरपुर के पंधरी गांव निवासी एक ढोंगी साधु वेशधारी बाबा कस्बे के एक प्राइवेट शिक्षक की पत्नी को अपने साथ रख लिया है। शिक्षक ने पत्नी को वापस दिलाने की पुलिस से गुहार लगाई है। बता दें कि कस्बा निवासी शिवशंकर प्रजापति ने बताया कि वह कस्बे के एक इंटर कॉलेज में बतौर शिक्षक तैनात है।
विज्ञापन
उसने बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार रहती थी। वह झाड़-फूंक कराने पंधरी गांव निवासी साधु वेशधारी बाबा के पास जाती थी। गत 26 अप्रैल को घर से सोने-चांदी के जेवरात के साथ 50 हजार की नकदी लेकर बिना बताए गायब हो गई। तमाम खोजबीन के बाद उसका सुराग नहीं लग सका।
गत चार मई को बाबा शिवमंगल सिंह ने उसकी पत्नी की मानसिक बीमारी का फायदा उठाकर साथ रहने का अनुबंध पत्र करा लिया है। पीड़ित का आरोप है कि ढोंगी बाबा ने उसकी पत्नी को जबरिया बंधक बनाकर रखे है और उसके दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
थानाध्यक्ष को दिए गए शिकायती पत्र में पत्नी को वापस दिलाने की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित पति की ओर से प्रार्थना पत्र मिला है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाएगा।