कानपुर। नीट की तैयारी कर रही छात्रा का नहाते समय वीडियो बनाने के आरोपी हॉस्टल संचालक और उसके साथी को रावतपुर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, पुलिस अब हॉस्टल की जांच कर रही है।
कानपुर देहात के लालपुर निवासी युवती रावतपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही है। छात्रा का आरोप था कि पांच अप्रैल को बाथरूम में नहाते समय हॉस्टल के मैनेजर महफूज खान व कफिल अंसारी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वायरल करने की धमकी देकर उससे 60 हजार रुपये भी वसूल लिए। कुछ दिन बाद शारीरिक संबंध बनाने की धमकी दी। छात्रा की शिकायत पर हॉस्टल मैनेजर और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस हॉस्टल की भी जांच कर रही है। रावतपुर इंस्पेक्टर केके मिश्रा ने बताया कि बुधवार को दोनों को आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य लड़कियों से भी बातचीत कर जानकारी जुटाई जाएगी। (संवाद)