हरदोई के सांडी थाने से तीन फरवरी को फरार हुए दुष्कर्म और अपहरण के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार सुबह कटरा-बिल्हौर मार्ग स्थित ढाबे से पकड़ लिया। एसपी अमित कुमार ने बताया कि सांडी कस्बे के मोहल्ला नवाबगंज निवासी जितेंद्र कुमार सक्सेना पुत्र सत्यपाल सक्सेना को छात्रा से दुष्कर्म और अपहरण के मामले में तीन फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।
उसे हवालात में बंद कर दिया गया था। तीन फरवरी को आधी रात के बाद लघुशंका के बहाने हवालात से निकला जितेंद्र पुलिस को चकमा देकर दीवार फांदकर भाग गया था। तब से पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी। शुक्रवार सुबह पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा-बिल्हौर हाईवे मार्ग स्थित एक ढाबे पर जितेंद्र के बैठे होने की जानकारी पर सांडी के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां से जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद सिंह चौहान और सुरेंद्र सिंह, सिपाही अली मियां, प्रतीक यादव, योगेंद्र नाथ, प्रियांशु और महिला सिपाही लक्ष्मी शामिल रहीं।