कानपुर। कानपुर कपड़ा कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष की शिकायत के बाद कंपनी मंत्रालय (एमसीए) की ओर से जारी नोटिसों का जवाब कमेटी की ओर से रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (आरओसी) को भेज दिया गया है। मामले में दो पूर्व अध्यक्षों समेत 23 निदेशकों को 24 जुलाई को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस में प्रत्येक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। जवाब देने के लिए सात अगस्त तक का समय दिया गया था।
कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष ज्योति प्रकाश नेवटिया ने जनवरी 2026 में आरओसी कानपुर और कंपनी मंत्रालय (एमसीए) को शिकायत भेजकर कमेटी के कामकाज में अनियमितताओं का आरोप लगाया था। शिकायत में कंपनी अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं करने, ऑडिटर की नियुक्ति के बाद इसकी सूचना आरओसी को नहीं देने के साथ ही निदेशकों में बदलाव और शुल्क वृद्धि की जानकारी समय से नहीं भेजने की बात कही थी। इसी के आधार पर वर्ष 2017 के रिकॉर्ड के अनुसार निदेशकों को नोटिस जारी हुए थे।
कानपुर कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र गुलाटी ने बताया कि आरओसी को जो भी दस्तावेज भेजे जाने थे वे भेज दिए गए हैं। कमेटी की ओर से सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वहीं छह अगस्त को हुई बैठक में नोटिस और भुगतान को लेकर निदेशकों में नाराजगी भी सामने आई थी। निदेशकों का कहना था कि दूसरों की वजह से उन्हें नोटिस का सामना करना पड़ रहा है।