कानपुर कपड़ा कमेटी के चुनाव में गुरुवार को काशी, सागरी और गुलाटी गुट में जोरदार टक्कर हुई। 85 फीसदी मतदान हुआ। 1728 सदस्यों में से 1463 सदस्यों ने मतदान किया।
मतदान के दौरान माइक से प्रचार करने पर काशी-सागरी गुट में झड़प भी हुई। पुलिस ने बीच में पड़कर मामला शांत करवाया। देर शाम एक छोटे बाक्स को खोलकर मतगणना की औपचारिक शुरुआत की गई। रात 10 बजे तक मतगणना की गई।
मतदान जनरलगंज स्थित कमेटी कार्यालय में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक हुआ। कमेटी कार्यालय में 11 बूथों पर लाइन लगाकर सदस्यों ने मतदान किया।
मुख्य चुनाव अधिकारी महेंद्र कुमार तुलस्यान ने बताया कि मतदान के बाद मत पेटियों को सील कर दिया गया। शुक्रवार को सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू होगी। यदि मतगणना पूरी हो जाएगी तो देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर शनिवार को मतगणना कराई जा सकती है।
माइक से प्रचार करने पर भिड़े
मतदान शुरू होने के साथ ही सभी गुट अपने समर्थकों के साथ चुनाव कार्यालय के बाहर डट गए थे। इस बीच काशी गुट के समर्थकों ने माइक से प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी करनी शुरू कर दी।
इस पर सागरी गुट के समर्थकों ने ऐतराज जताया और माइक से समर्थन का विरोध करना शुरू कर दिया। माहौल में तनाव बढ़ता देख पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
भगवा, सफेद और गुलाबी की टक्कर
राजनैतिक चुनावों में कपड़ों के रंगों की विविधता कपड़ा कमेटी के चुनाव में भी दिखी। काशी गुट के प्रत्याशियों ने भगवा रंग, सागरी गुट ने सफेद और गुलाटी गुट ने गुलाबी रंग का चोला धारण कर व्यापारियों से वोट और समर्थन मांगा।