साजिश का राज पता करेगी एटीएस
सूत्रों के मुताबिक एटीएस की तफ्तीश में सामने आया है कि हबीबुल और नदीम का कश्मीर के अलावा झारखंड, गुजरात और महाराष्ट्र से भी कनेक्शन है। सवाल है कि क्या इन राज्यों में यह दोनों अपने साथियों के साथ मिलकर कोई बड़ी साजिश रच रहे थे? इसका जवाब एटीएस कस्टडी रिमांड के दौरान हबीबुल व नदीम से पता करेगी।
आतंकी के परिवार और करीबियों से छानबीन में जुटी एटीएस
जैश-ए-मोहम्मद के पकड़े गए आतंकी हबीबुल्ला उर्फ सैफुल्ला की कुंडली खंगालने एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (एटीएस) फतेहपुर पहुंची है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस अधिकारी नहीं कर रहे हैं। खबर है कि एटीएस ने नई बस्ती, सैय्यदवाड़ा में कुछ लोगों से पूछताछ की है। उसके बाद सैफुल्ला के नजदीकी लोगों से संपर्क में जुटी है। परिवार पर भी निगाह है। एटीएस को सैफुल्ला के मोबाइल से कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं। उन नंबरों की जांच करते हुए टीम पहुंची है।
दरअसल मोबाइल नंबरों के आधार पर विभिन्न वर्चुअल आईडी सैफुल्ला ने बनाई थीं। जांच में आईडी के आईपी एड्रेस के जरिए कुछ संदिग्धों को ट्रेस किया है। इसके आधार पर टीम ने छापेमारी और पूछताछ का सिलसिला शुरू किया है। सैफुल्ला के करीबी महाराष्ट्र और गुजरात में हैं। गुजरात से ही सैफुल्ला आया था। इसके बाद उसकी गतिविधियां तेज हो गई थीं।
उधर, सैफुल्ला के पिता जफरूल इस्लाम ने बताया कि वह बेटे से मुलाकात करने जाएंगे और देशद्रोह का सच जानेंगे। वह दोषी होगा तो, उसे कभी माफ नहीं करेंगे। चार में एक बेटे को मरा मान लेंगे। बड़ी मुश्किलों से बच्चों की परवरिश की है। सीओ सिटी डीसी मिश्रा ने बताया कि एलआईयू, आईबी की टीमें भी सक्रिय हैं। एटीएस के बारे में जानकारी नहीं है।