फोटो: 18 तनाव के बाद एसडीएम से मिलने पहुंचे ग्रामीण
चकरनगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम बांधा में भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर निजी प्रतिमा लगाए जाने को लेकर विवाद हो गया है। ग्रामीणों ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। तनाव की स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामला शांत किया।
ग्राम बांधा निवासी अनिल व प्रेमशंकर अन्य परिजन के साथ बीते दिनों स्वर्गीय पुनूराम की स्मृति में उनकी प्रतिमा लगाने का प्रयास कर रहे थे। यह भूमि गांव के जयनारायण ने वर्ष 2018 में भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए दान की थी। उसी समय आंबेडकर की प्रतिमा को ग्रामवासियों के सहयोग से स्थापित किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त भूमि बाबा साहब के पार्क के लिए है, जिस पर निजी व्यक्ति की प्रतिमा लगाना न्याय संगत नहीं है। ग्रामीणों ने जब इस कार्य का विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति को संभाला और काम बंद करा दिया। आरोप है कि एक पक्ष ने रात के समय दीवार बना दी। इससे मंगलवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। 24 से अधिक ग्रामीण एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया से शिकायत करने तहसील पहुंच गए। एसडीएम ने दोनों पक्षों को बुलाकर पूरा मामला समझा इसके बाद उन्होंने अंबेडकर पार्क की जगह पर निजी प्रतिमा लगाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर दुबारा प्रतिमा लगाने का प्रयास किया तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी। एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया ने बताया कि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आंबेडकर की जगह में निजी प्रतिमा लगाने से मना कर दिया। इसे दोनों पक्ष शांति से मान गए हैं। अब किसी तरह का विवाद नहीं है।