रूरा। एक साथ दस ट्रेनें निकालने के दौरान बंद हुई रूरा रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इससे करीब एक घंटे तक वाहन सवार भीषण उमस भरी गर्मी में जाम में फंसकर परेशान रहे। क्रॉसिंग खुलने पर पीआरडी जवानों ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया। जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
रूरा रेलवे क्रॉसिंग पर गुरुवार की सुबह 11:05 बजे ट्रेनों को निकालने के लिए फाटक बंद किया गया था। कुछ समय के अंतराल पर यहां दस ट्रेन निकाले जाने के बाद 11:58 बजे फाटक खुल सका। इस दौरान अकबरपुर-शिवली मार्ग बाधित रहा और फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। फाटक खुलने पर जल्दी निकलने की होड़ में वाहन आपस में उलझ गए।
इसके अलावा डाकघर के सामने निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पिलर के चलते संकरे हुए रास्ते से क्रमवार एक-एक साइड से वाहन निकलने पर एक घंटे तक जाम की स्थिति रही और वाहन रेंगते रहे। जाम में फंसे वाहन सवार भीषण उमस गर्मी में बेहाल नजर आए।
मौके पर मौजूद पीआरडी जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को निकलवाया। जिसके बाद वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। स्टेशन मास्टर ज्ञानेंद्र पांडेय ने बताया कि कई ट्रेनों के निकलने के चलते रेलवे फाटक करीब 53 मिनट बंद रहा था।