भारत को लेकर बदले दुनिया के नजरिये और निवेश की बेहतर संभावना को देखते हुए आईआईटी के कैंपस सेलेक्शन में जबरदस्त इजाफा हुआ है।
पहली बार आईआईटी कानपुर में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 10 स्टूडेंट्स को एक-एक करोड़ रुपये का पैकेज मिला है।
इसमें भी तीन स्टूडेंट्स ऐसे हैं जिन्हें अमेरिकी साफ्टवेयर कंपनी ओरेकल ने 1.25 करोड़ रुपये का पैकेज दिया है। जो आईआईटी कानपुर के अब तक के रेकॉर्ड में सर्वाधिक है।
आईआईटी कानपुर के प्लेसमेंट अधिकारी के मुताबिक पिछले नौ दिनों (1-9 दिसंबर तक) के कैंपस प्लेसमेंट में 50 फीसदी से ज्यादा स्टूडेंट्स को जॉब मिल चुकी है।
कैंपस प्लेसमेंट के लिए आईआईटी के 1290 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें 700 से ज्यादा को जॉब मिल चुकी है।
इनको जॉब देने वाली कंपनियों में मल्टी नेशनल कंपनी ओरेकल, सैमसंग कोरिया और फजीरॉजिक्स, समेत कई बड़ी कंपनियां शामिल है, लेकिन सबसे ज्यादा पैकेज देने वालों में आईटी कंपनियां ही सामने आई हैं।
इंटरनेट व्यापार में अपनी बेहतर पहचान बनाने वाली फ्लिपकार्ट ने 20 स्टूडेंट्स का कैंपस सेलेक्शन किया है। इस कंपनी ने हर स्टूडेंट को सालाना 91.50 लाख रुपये का वेतन पैकेज देने की बात कही है।
इसी तरह एक्सल सर्विसेज ने 38 स्टूडेंट्स को जॉब देकर उन्हें सालाना 55-55 लाख रुपये का वेतन पैकेज ऑफर किया है। सिंगापुर की एक कंपनी ने 5 स्टूडेंट्स को 70-70 लाख रुपये का पैकेज दिया है।
आईआईटी के प्लेसमेंट अधिकारी के मुताबिक 45 लाख से कम वेतन पैकेज तो किसी को मिला ही नहीं है। इसी तरह के वेतन पैकेज भारत के अन्य आईआईटी के स्टूडेंट्स को भी मिले हैं।
आईआईटी वाराणसी के एक स्टूडेंट्स को 2.03 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है, जो सभी आईआईटी में सर्वाधिक बताया जा रहा है। आईआईटी मुंबई के चार स्टूडेंट को अधिकतम 1.65 करोड़ रुपये का वेतन पैकेज मिला है।
आईआईटी रुड़की के स्टूडेंट्स को 1.45 करोड़ और दिल्ली के स्टूडेंट्स को भी इतने ही वेतन पैकेज की जॉब मिली है। उनका कहना है कि दुनिया में भारत के बढ़ते दबदबे का असर है कि मल्टीनेशनल कंपनियों ने भारतीय मेधा पर भरोसा जताया है।
अब तक का बेहतरीन वेतन पैकेज देकर कैंपस सेलेक्शन किया है। ऐसा पहली बार हुआ है।
बोले जिम्मेदार
इस बार का कैंपस सेलेक्शन रिकार्ड बनाने वाला है। नौ दिनों में ही 50 फीसदी से ज्यादा स्टूडेंट्स को जॉब मिल गई है।
आईआईटी कानपुर के 10 स्टूडेेंट्स को एक करोड़ रुपये से ज्यादा का वेतन पैकेज मिला है, जो कि ऐतिहासिक है। पहले फेज का प्लेसमेंट 24 दिसंबर तक चलेगा।
इस फेज से 80 फीसदी स्टूडेंट्स के कैंपस सेलेक्शन की उम्मीद है। ऐसा हुआ तो कैंपस सेलेक्शन के अब तक सारे रिकार्ड टूट जाएंगे।
अभी तक जो प्लेसमेंट हुए हैं, वह भी उत्साह जनक है। देशभर की आईआईटी के कैंपस सेलेक्शन अच्छे हुए हैं।
प्रो. दीपू फिलिप, प्लेसमेंट अधिकारी आईआईटी कानपुर