राजस्थान के कोटा से दो युवक पैदल ही अपने घर कौशांबी के लिए निकल पड़े। भूख-प्यास से बेहाल दोनों युवक शुक्रवार को घाटमपुर तहसील पहुंचे। तहसीलदार विजय यादव ने युवकों के हाथ धुलवाने के बाद सैनिटाइज कराया और लंच पैकेट उपलब्ध कराए।
कौशांबी जिले के मंझनपुर थानाक्षेत्र निवासी संदीप और उमेश ने बताया कि राजस्थान के कोटा में एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। लॉकडाउन के बाद काम बंद हो गया। चार दिन पहले पैदल ही अपने घर की ओर चल दिए।
रास्ते में कुछ लोगों ने लिफ्ट दी। सारे पैसे खर्च हो गए हैं। दो दिनों से एक-दो बिस्कुट खाकर काम चला रहे हैं। तहसील से लंच पैकेट मिले तो पहले दोनों ने खाकर भूख शांत की। कुछ देर आराम करने के बाद पैदल ही कौशांबी की ओर चल दिए।