किशोर की फाइल फोटो व गमगीन बैठे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर जिले में जंगल गए किशोर की टूटी पड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हाईटेंशन लाइन गुरुवार रात टूटकर गिरी थी। हादसा शुक्रवार तड़के हुआ। सूचना पर पुलिस पहुंची, पुलिस को ग्रामीणों ने शव उठाने से रोक दिया।
बिजली विभाग के अधिकारियों और मुआवजा दिलाने को बुलाने की मांग की। एसडीएम और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की। 5 लाख मुआवजा का आश्वासन परिजनों को दिया।
उसके बाद पुलिस को शव उठाने दिया गया। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के भरहारा गांव निवासी स्वर्गीय इंद्रपाल पासवान का बेटा रवि पासवान (14) कक्षा आठ का छात्र था।
सुबह वह नित्यक्रिया के लिए जंगल गया था। बंद पड़े भट्ठे के पास रवि जैसे ही पहुंचा वहां पड़ी 11 हजार की लाइन की चपेट में आ गया। थोड़ी देर में करंट लगने से झुलस गया। आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर पहुंचे।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने आपूर्ति बंद कराई लेकिन तबतक बहुत देर हो चुकी थी। रवि दम तोड़ चुका था। सुबह साढ़े सात बजे पुलिस ने शव उठाने की कोशिश की तो परिजनों ने रोक दिया। ग्रामीण महिलाएं डंडे लेकर खड़ी हो गईं।