कानपुर। चकेरी द्वितीय औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेसर्स श्यामा ट्रेडर्स से लिए गए हल्दी के नमूने असुरक्षित मिलने के बाद जब्त करीब 398 किलो माल गायब हो गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 11 जून को प्रतिष्ठान पर छापा मारकर 16 बोरियों में करीब 400 किलो हल्दी पाउडर बरामद किया था। मिलावट की आशंका पर दो किलो हल्दी का नमूना जांच के लिए भेजा था। शेष हल्दी कारोबारी की अभिरक्षा में रखी गई थी। मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर चकेरी थाने में खाद्य कारोबारी समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब विभाग की ओर से कोर्ट में भी मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी है।
10 अगस्त को प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट में नमूने में हानिकारक सिंथेटिक रंग मिला। इसे मानव उपभोग के लिए असुरक्षित बताया गया। इसके बाद विभाग ने जब्त माल को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की। 11 अगस्त को संयुक्त टीम मेसर्स श्यामा ट्रेडर्स पहुंची तो अभिरक्षा में रखा पूरा 398 किलो माल गायब मिला। जांच में जब्त माल प्रतिष्ठान से हटाए जाने की पुष्टि हुई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने प्रतिष्ठान मालिक विजय चौरसिया, कारोबारी आशीष कुमार चौरसिया और रिंकू चौरसिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गायब हल्दी की कीमत करीब 1.19 लाख रुपये बताई गई है।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि श्यामा ट्रेडर्स से लिए गए हल्दी के नमूने की रिपोर्ट असुरक्षित आई थी। जब्त माल गायब मिलने पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। खाद्य सुरक्षा कानून के तहत न्यायालय में अभियोजन की कार्रवाई भी की जाएगी।