मूसानगर। देवराहट निवासी किशोर गुरुवार शाम को दोस्तों संग यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखने के लिए नदी के किनारे गया था। वहां नहाने के दौरान किशोर नदी में डूब गया। जानकारी पर पहुंचे ग्रामीणों ने मशक्कत कर किशोर को नदी से निकाला मगर उसकी जान न बच सकी।
यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। किनारे बसे कई गांवों में नदी का पानी भी पहुंच गया है। देवराहट निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ लल्लन की पत्नी पवन कुमारी ने बताया कि उसका बड़ा बेटा देवेश कुमार (13) गुरुवार शाम को मोहल्ले के बच्चों के साथ यमुना नदी का जलस्तर देखने के लिए नदी किनारे गया था। वहां नहाने के दौरान बेटा नदी में डूब गया।
इस पर साथी बच्चों ने चीखते हुए गांव आए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आधा घंटे की मशक्कत कर बेटे को नदी से बाहर निकाला और सीएचसी पुखरायां ले गए। वहां डॉ. आलोक ने उसको मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर मृतक के छोटे भाई सिद्धार्थ, अमन व परिजन रोने लगे। मौके पर पहुंचे लेखपाल राजेश कुमार ने परिजन से घटना की जानकारी ली है। देवराहट थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि परिजन के अनुसार मृतक के पिता ट्रक चालक हैं, वह गांव में नहीं हैं। घटना की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।