आजमगढ़ से नई दिल्ली जा रही कैफियत एक्सप्रेस का इंजन इटावा जिले में बलरई स्टेशन के पास खराब हो गया। परेशान यात्रियों ने ट्रैक पर बैठकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे दो राजधानी समेत कई ट्रेनों को रोकना पड़ा। करीब 45 मिनट बाद पुलिस और स्टेशन प्रशासन ने समझाकर यात्रियों को ट्रैक से हटवाया। इसके बाद ट्रेनों को लूपलाइन से निकाला गया। जिन यात्रियों को जल्दी थी उन्हें मगध एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर रवाना कर दिया गया। इंजन बदलकर करीब चार घंटे बाद ट्रेन को दिल्ली रवाना किया गया।
कैफियत एक्सप्रेस (12225) सुबह 4:37 बजे इटावा स्टेशन दिल्ली की ओर रवाना हुई। 24 किलोमीटर आगे बलरई स्टेशन करीब 4:59 बजे कैफियत एक्सप्रेस का इंजन खराब हो गया। इससे ट्रेन खड़ी हो गई। करीब एक घंटे तक यात्रियों ने ट्रेन चलने का इंतजार किया, इसके बाद उनके सब्र का बांध टूट गया। करीब 150 यात्रियों ने ट्रैक पर बैठकर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ यात्री लाल अंगौछा लेकर ट्रैक पर खड़े हो गए।
इससे आगरा से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा। इसी बीच कानपुर की ओर से दिल्ली जा रही दो राजधानी एक्सप्रेस को रास्ते में रोकना पड़ा। ट्रैक पर यात्रियों के हंगामे की सूचना पर पुलिस व बलरई रेलवे स्टेशन के अधिकारी पहुंचे और यात्रियों को समझाया।
इसी बीच मगध एक्सप्रेस पहुंच गई। इस ट्रेन को भी आउटर पर रोकना पड़ा। इसी ट्रेन से लूप लाइन ने जल्दी जाने वाले यात्रियों को रेल अधिकारियों ने दिल्ली की ओर रवाना कर दिया। इसके बाद कैफियत एक्सप्रेस का खराब इंजन हटाकर पीछे लगे दूसरे इंजन को लगाकर सुबह 9:27 बजे ट्रेन को रवाना किया गया।