संदलपुर। सीएचसी हवासपुर में प्रसव के लिए पहुंची महिला की मौत के मामले में बुधवार को डिप्टी सीएमओ दशहरी गांव पहुंचे। उन्होंने टीम के साथ परिजन और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सिद्धार्थ पाठक बुधवार दोपहर सीएचसी अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ वर्मा व अन्य स्टाफ के साथ दहशरी गांव पहुंचे। यहां पर उन्होंने मृतका शिवानी के परिवार के लोगों से जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों से भी कुछ सवाल किए। उन्होंने बताया कि सात सितंबर को दशहरी गांव निवासी बृजेंद्र सिंह की पत्नी शिवानी (25) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सीएचसी हवासपुर लेकर गए थे। यहां से हालत बिगड़ने पर स्टाफ नर्स ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। इस दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिवार के लोगों ने स्टाफ नर्स पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था।
परिजन ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर सीएचसी हवासपुर में बरती गई लापरवाही व प्रसव के नाम से पैसे लेने का आरोप लगाकर जिलाधिकारी से शिकायत की थी। शिकायत पर ही जांच की जा रही है। बताया कि शिवानी के परिजन, आशा बहू और ग्रामीणों से अलग-अलग बात कर पूरे मामले की जानकारी ली गई है। इसकी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी जाएगी। सीएमओ डॉ. जय गोविंद ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।