कानपुर। चकेरी श्यामनगर फ्लाईओवर पर शनिवार दोपहर भारत पेट्रोलियम के टैंकर का अगला टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही टैंकर बेकाबू होकर आगे चल रही कार को टक्कर मारता हुआ डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसा। हादसे में कार चालक घायल हो गया जबकि फ्लाईओवर पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
चकेरी पुलिस के अनुसार टैंकर नौबस्ता से रामादेवी की ओर जा रहा था। पीएसी मोड़ बाईपास के पास टायर फटने से चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया। बेकाबू टैंकर कार को टक्कर मारते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। यातायात और स्थानीय पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। घायल कार चालक को कांशीराम अस्पताल भेजा। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया जा सका। पुलिस के मुताबिक घायल चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।