फतेहपुर जिले में मलवां थाना क्षेत्र के उमरगहना गांव में शुक्रवार को तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ कर पुलिस ने एक शातिर को दबोचा। आठ तमंचे और तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसपी की ओर से टीम को 15 हजार का इनाम दिया गया है। मलवां थाने में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि स्वॉट टीम को उमरगहना में टीम को तमंचा फैक्टरी की सूचना मिली थी।
थाना प्रभारी शेर सिंह और स्वॉट प्रभारी विनोद मिश्रा की संयुक्त टीम ने रात को जंगल में छापा मारा। तालाब के पास संतोष विश्वकर्मा निवासी उमरगहना को गिरफ्तार किया। कुछ दूरी पर बांस की कोठी के बीच में छिपाकर रखे शस्त्रों और उपकरणों को बरामद किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आठ तमंचे निर्मित एक अधबना तमंचा बरामद किया है। आरोपी जिले में शातिर अपराधियों और पड़ोसी जिलों बांदा, रायबरेली, कौशांबी में तमंचे की सप्लाई देता है।
आरोपी पर मलवां थाने में पहले भी दो बार तमंचा फैक्टरी, मादक पदार्थ बिक्री, गुंडा एक्ट, धमकी, हत्या का प्रयास मारपीट, अपहरण बलवा के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा ललौली, हुसैनगंज थाने में भी तमंचा फैक्टरी के साथ पकड़ा जा चुका है।
आरोपी की धरपकड़ में एसआई रामनरेश, एसआई विपिन कुमार, राजेश सिंह, पंकज सिंह, अतुल त्रिपाठी, विपिन मिश्रा, रविशंकर द्विवेदी, अमित दुबे मौजूद रहे।
आरोपी की क्षेत्रीय थाने में नहीं खुली हिस्ट्रीशीट
शातिर अपराधियों पर निगहबानी के लिए हिस्ट्रीशीट खोली जाती है। संतोष कई मामलों में पकड़ा जा चुका है। इसके बाद भी हिस्ट्रीशीट थाने में नहीं खुली, जिससे उस पर निगरानी बनाए रखी जा सके। अबकि बार तीन साल बाद पकड़ा गया है। एएसपी राजेेेश कुमार ने बताया कि सभी थानों से आरोपी का आपराधिक इतिहास निकाला जा रहा है। उसके बाद हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी।