कानपुर। ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए शहर की महंगी प्राइवेट लाइब्रेरियों में भटकना नहीं पड़ेगा। जिले के 111 पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। यहां पर छात्र निशुल्क किताबों, कंप्यूटर और डिजिटल संसाधनों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। मार्च तक यह सुविधा छात्रों को मिलने की संभावना है। प्रत्येक लाइब्रेरी पर चार लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना के लिए कुल 4 करोड़ 44 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। डिजिटल लाइब्रेरी में नेशनल बुक ट्रस्ट से 10 हजार रुपये और अन्य प्रतिष्ठित प्रकाशकों से 90 हजार रुपये की प्रतियोगी परीक्षा संबंधी पुस्तकें खरीदी जाएंगी। कंप्यूटर, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर 1.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। डीपीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चार करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। ब्यूरो