कानपुर। डॉ. गौरहरि सिंहानिया टी-20 यूपी इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में सोमवार हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में मथुरा, बरेली और इलाहाबाद ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं कानपुर पहले ही अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुका है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीवीसीए) के सचिव गिरीश कपूर ने दी। उन्होंने बताया कि सेमीफाइनल में कानपुर का सामना इलाहाबाद से और बरेली का मथुरा से होगा। ये मुकाबले चार और 11 जनवरी को खेले जाएंगे। फाइनल मैच 25 जनवरी को टीएसएच मैदान पर होगा।
आगरा में हुए पहले मैच में मेजबान टीम ने 20 ओवर में 177 रन बनाए। टीम से कौशल शर्मा ने 47, जुगल शर्मा ने 30 और विनोद ने 40 रन बनाए। गेंदबाजी में विजय चौहान और युवराज सिंह ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं मथुरा की टीम ने विजय चौहान की तूफानी पारी के दम पर 13.4 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाकर नौ विकेट से जीत हासिल की। विजय ने 54 गेंद में 15 छक्के और नौ चौकों की सहायता से शानदार 140 रन बनाए। उनके साथ गुल हसन ने 45 रनों की पारी खेली। विजय चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रामपुर में हुए दूसरे मैच में बरेली ने 20 ओवर में 168 रन बनाए। टीम से आकाश कुमार ने 48, राहुल कादियान ने 31 और गौरव यादव ने 34 रन बनाए। गेंदबाजी में रामपुर से विजय पांडेय ने दो विकेट लिए। वहीं रामपुर की पूरी टीम 19.4 ओवर में 131 रनों पर आउट हो गई। टीम से रवि चौहान ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। गेंदबाजी में आकाश कुमार और अभिषेक द्विवेदी ने 4-4 विकेट लिए। बरेली के आकाश कुमार मैन ऑफ द मैच बने।
इलाहाबाद में हुए तीसरे मैच में सोनभद्र ने 20 ओवर में 147 रन बनाए। टीम से प्रभात उपाध्याय ने 30, विपुल सैनी ने 21 और शक्ति ने 20 रन बनाए। गेंदबाजी में राकेश मिश्रा और उदय प्रताप सिंह ने 2-2 विकेट लिए। इसके बाद इलाहाबाद की टीम ने निर्धारित ओवर में 147 रन बनाकर चार विकेट से मैच जीता। टीम से रितेश जायसवाल ने 30, सुनील सिंह ने 28 और बलराम यादव ने 23 रन बनाए। इलाहाबाद के राकेश मिश्रा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।