कानपुर देहात। दिवाली के बाद दूज पर बुधवार को बाजार में रौनक रही। दुकानदारों ने काउंटर पर तरह-तरह की मिठाइयां सजाईं। सुबह से यहां खरीदार पहुंचे और पसंद की मिठाइयां खरीदीं। करीब तीन करोड़ की मिठाई बिकने का अनुमान है। इधर, अच्छे कारोबार पर दुकानदार खुश नजर आए।
दिवाली सबसे बड़ा त्योहार है। इस दौरान जमकर कारोबारी गतिविधियां होती हैं। तमाम हाथों को काम मिलता है और आय में वृद्धि होती है। दिवाली पर तो दुकानों में मिठाई, ड्राई फ्रूट व उपहार आदि की खूब बिक्री हुई थी। इधर बहन-भाई के स्नेह के पर्व दूज पर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद दुकानदार लगाए थे। इसके लिए पहले से ही तैयारी की गई थी। अकबरपुर, रूरा, सिकंदरा, झींझक, रसूलाबाद, डेरापुर, रनियां, मूसानगर, पुखरायां, राजपुर व शिवली आदि क्षेत्र में बुधवार सुबह से ही मिठाई दुकानें सज गईं। काउंटर पर रंग-बिरंगी मिठाई ने ग्राहकों को आकर्षित किया।
किसी ने गुलाब जामुन और मोतीचूर के लड्डू खरीदे तो किसी ने छेना रसगुल्ला और रसमलाई पसंद किया। बेसन और मूंग दाल से बनी मिठाइयों के साथ मेवा के लड्डू व काजू कतली अधिक पसंद की गई। हालांकि ग्राहकों ने सेहत का ध्यान रखते हुए मिठाइयां पसंद की। दुकानों पर भाइयों के साथ बहनें भी मिठाई खरीदने पहुंचीं। पूरे दिन दुकानों पर खूब चहल-पहल रही। जनपद में करीब पांच हजार से अधिक मिठाई दुकानों पर कारोबार अच्छा रहा। कारोबारी जानकारों के अनुसार दूज पर एक दिन में ही करीब तीन करोड़ की मिठाई बिकने का अनुमान है।