शासन स्तर से गठित मंडलीय खाद्य विभाग की 12 टीमों ने शहर के 20 प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। जांच में गंदगी, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न होते मिलने पर 16 दुकानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं, बिरहाना रोड स्थित न्यू तिवारी स्वीट्स और परेड स्थित दया राम स्वीट हाउस के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
मंडल की टीमों ने एक माह में शहर के करीब 50 से अधिक नामचीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की है। इसमें फास्टफूड से लेकर मिठाई और नमकीन की दुकानें भी शामिल हैं। टीम ने बिरहाना रोड, बर्रा, पांडुनगर, आर्यनगर, स्वरूपनगर, श्यामनगर और गोविंदनगर बाईपास समेत विभिन्न इलाकों में संचालित नामचीन मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की। कई दुकानों पर साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
श्यामनगर स्थित एक दुकान में गंदगी के बीच मिठाई बनतीं मिलीं। यहां कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी नहीं मिले। अन्य प्रतिष्ठानों में भी स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से मानकों को लेकर कई खामियां मिलीं। सहायक खाद्य आयुक्त संजय प्रताप सिंह ने बताया कि 16 दुकानों को नोटिस जारी किया है दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।