उरई। शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही बरतने और मिड-डे मील के संचालन की धनराशि के दुरुपयोग की शिकायतों को सही पाते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शाही ने जालौन ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सारंगपुर में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर प्रजापति को निलंबित कर दिया।
बीएसए ने बताया कि शिकायत मिली थी कि उच्च प्राथमिक विद्यालय सांरगपुर में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने एक जुलाई से 14 जुलाई तक मिड-डे मील का संचालन हीं किया। पिछले एक साल से फल व दूध का वितरण भी नहीं किया था। मीनू के अनुसार मिड-डे मील भी नहीं बनाकर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया था। इसके अलावा शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही करने व बच्चों व उनके अभिभावकों से अभद्रता करने की भी शिकायत थी।
इस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से इंचार्ज प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर प्रजापति को निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे मामले की जांच के खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय व सहायक लेखाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान तथा जिला समन्वयक मिड-डे मील को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। निलंबन अवधि के दौरान वे महेबा ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरौंधा में संबद्ध रहेंगे। इस दौरान शासनादेश के मुताबिक उन्हें जीवन निर्वहन भत्ता देय होगा।