इटावा। पुलिस ने रविवार रात वाहन चेकिंग के दौरान कार से मिलावटी शराब की पेटियां बरामद की हैं। जांच में पता चला कि यह मिलावटी देसी शराब के सरकारी ठेके पर बेचने के लिए लाई जा रही थीं। बदमाश की निशानदेही पर सरकारी ठेके और दो अन्य स्थानों पर मिलावटी शराब 120 पेटियां बरामद की तीन लोगों की गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब की कीमत बीस लाख रुपये बतायी गई है।
सोमवार को एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बाइस ख्वाजा रोड पर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक लाल रंग की कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने इसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर बदमाश को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील यादव उर्फ भोले पुत्र राकेश कुमार निवासी रामनगर सीफरा थाना जसवंतनगर बताया है। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें शराब की पेटियां बरामद हुईं।
सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि यह शराब लुहन्ना चौराहे पर स्थित सरकारी देसी शराब की दुकान पर रखकर बेची जा रही थी। यह ठेका उमेश यादव के नाम पर है। पुलिस ने सुनील यादव की निशानदेही पर शराब की दुकान सहित कृष्णापुरम् एवं जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम पीपरीपुरा से कुल शराब की 120 पेटियां बरामद कीं।
इसके साथ 20 लीटर केमिकल, एक बोरी ढक्कन, रैपर सहित दो कार भी बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में सचिन चौहान पुत्र गणेश निवासी विक्रमपुर थाना सिविल लाइन, अवनीश यादव पुत्र उमेशचंद्र निवासी पीपरीपुरा थाना जसवंतनगर को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में आबकारी अधिकारी कमल कुमार शुक्ल ने बताया कि लुहन्ना चौराहे पर सरकारी देसी शराब की दुकान उमेश यादव के नाम पर है। उन्होंने कहा कि पुलिस उन्हें जांच रिपोर्ट सौंपेगी। उसके बाद ही संबधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।