उत्तर प्रदेश में खाकी की दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वाकया कानपुर महानगर का है जहां एक निलंबित सिपाही ने जमकर उत्पात मचाया। इनता ही नहीं सिपाही ने दूसरे की रायफल से कई राउंड फायरिंग की। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। सिपाही की करतूतों का वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। एसएसपी अनंत देव ने सिपाही पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पनकी थानाध्यक्ष शेष नारायण ने बताया कि सी ब्लाक पनकी में केडीए और सिंचाई विभाग की जमीन पर तमाम लोगों ने कब्जा कर रखा है। इनमें सिपाही उदयवीर सिंह भी है। वह जमीन पर निर्माण करा रहा है। जब वह बिल्डिंग मैटेरियल मांगता है तो मोहल्ले वाले उसे लौटा देते हैे। इस कारण वह निर्माण नहीं करा पा रहा है। मंगलवार को सिपाही ने मौरंग मंगाई। रात में ट्राली से मौरंग पहुंची तो मोहल्ले के कुछ लोगों ने ट्रैक्टर वाले को भगा दिया।
पता चलने पर बुधवार सुबह उदयवीर वहां पहुंचा और हंगामा करने लगा। आसपास के लोगों के विरोध करने पर सिपाही घर से भतीजे की रायफल ले आया। एक के बाद एक उसने चार हवाई फायर किए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो वह घर में घुस गया। दरवाजा बंद कर गाली-गलौज करता रहा। इस पर पुलिस कर्मी वहां से लौट गए।