शहर की आवास विकास कॉलोनी में निलंबित दरोगा ने पड़ोसियों को गाली-गलौज कर मारपीट की। इसका घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ितों ने एसपी को प्रार्थना देकर कार्रवाई की मांग की है।
हरदोई में आवास विकास कॉलोनी में निलंबित दरोगा ने अपने पड़ोसियों के साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर पिटाई कर हंगामा किया। दरोगा की हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ितों ने बृहस्पतिवार को एसपी को प्रार्थना देकर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
आवास विकास कॉलोनी निवासी अभिषेक, विवेक मिश्रा, मीरा सिंह, अंशु प्रताप सिंह, जय किशन आदि ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि निलंबित दरोगा परिवार के साथ मोहल्ला में किराए के मकान में रहता है। आरोप है कि यह दरोगा अक्सर नशे में गाली-गलौज करता है।
जब सभी ने विरोध किया तो बुधवार को रात दरोगा, वर्दी रौब में उनके साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया। हंगामा और मारपीट करते दरोगा का वीडियो बना लिया गया। किसी ने वीडियो बनाने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दरोगा की हरकत से मोहल्ले के वाशिंदे परेशान हैं।
महिलाओं का घरों से निकलना दूभर हो गया। पीड़ितों ने एसपी से दरोगा के खिलाफ कार्रवाई कर मकान खाली कराए जाने की मांग की है। सीओ सिटी विनोद कुमार द्विवेदी ने बताया पीड़ितों से शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।