कानपुर देहात/राजपुर। सट्टी थाने में तैनात एक मुंशी का एक महिला से बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। एसपी अनुराग वत्स ने मुंशी को अमर्यादित आचरण के आरोप में निलंबित कर दिया।
सट्टी थाने में पति की शिकायत करने गई कस्बे की एक महिला की दोस्ती वहां तैनात मुंशी राजकुमार से हो गई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि मामूली मारपीट में महिला के इशारे पर मुंशी ने गांव के चार लोगों पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इससे गांव के लोगों में नाराजगी हो गई। पीड़ित ने सात जून को एसपी से शिकायत कर बताया था कि पांच जून को मारपीट हुई थी। मेडिकल रिपोर्ट में मामूली चोटें आने के बावजूद पुलिस ने उस पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
इसी बीच एसपी को किसी ने मुंशी का महिला से बातचीत का ऑडियो उपलब्ध करा दिया। एसपी ने सीओ भोगनीपुर आशा पाल सिंह से जांच कराई। इसके बाद गुरुवार को मुंशी को निलंबित कर दिया गया। एसपी ने ने बताया कि मुंशी को अमर्यादित आचरण पर निलंबित किया गया है। मारपीट में जानलेवा हमले की लगी धारा को मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद हटा दिया गया है।