संदलपुर (कानपुर देहात)। अकना गांव के ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन न देने का आरोप लगाया है। डीएम से शिकायत के बाद कार्रवाई तो दूर अभी तक जांच नहीं हुई। कोटेदार पर अतिरिक्त मिलने वाला पांच किलोग्राम चावल डकारने का आरोप लगाया है।
गांव के उचित दर विक्रेता की दुकान पर दशहरी, निहालपुर, ककलापुर गांव के लोगों को राशन मिलता है। दुकान में 57 अंत्योदय व 425 पात्र गृहस्थी समेत कुल 1754 यूनिट को राशन दिया जाता है। लॉकडाउन के बाद 150 मनरेगा जॉब कार्डधारक व गैर प्रांत से आए पांच प्रवासी मजदूरों को भी राशन दिया जाना था।
राशन कार्डधारकों का आरोप है कि लॉकडाउन के दौरान पांच किलोग्राम मिलने वाला चावल नहीं दिया गया है। दुकान पर गए तो टरका दिया गया। छह जून को कार्डधारकों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी। एडीएम पंकज वर्मा ने ग्रामीणों को जांच का भरोसा देकर कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकल सका है। सिकंदरा एसडीएम रमेश चंद्र ने पूर्ति निरीक्षक से जांच कराने की बात कही है।
कार्ड धारक अकना निवासी शिवदेवी ने बताया कि राशन कार्ड में पांच यूनिट दर्ज हैं। इसके बाद भी कोटेदार दो यूनिट का राशन काफी समय से दे रहे हैं। ऑनलाइन पांच यूनिट दिखाई देते हैं। दशहरी गांव निवासी मीरा देवी ने बताया कि कोटेदार ने लॉकडाउन के दौरान राशन देना बंद कर दिया। आय प्रमाण पत्र न लगे होने की बात कही। कोटेदार कहते हैं कि ईपॉश मशीन में कार्ड शो नहीं कर रहा है। राशन न मिलने से दिक्कत हो रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश सोनी ने बतासा कि कोटेदार द्वारा राशन न देने का मामले संज्ञान में आया है। वितरण में अगर गड़बड़ी की गई है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।