फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: पेट्रोल पंप परिसर में विस्फोटक होने की आशंका, एनआईए ने बम निरोधक दस्ते संग की छापेमारी

Fri, 05 Dec 2025 12:49 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। औरैया के व्यापारी कमलकांत वर्मा के घर पर बुधवार देर रात हुई छापेमारी के बाद एक टीम अछल्दा पुलिस को लेकर भोगनीपुर थाना क्षेत्र के मावर स्थित पेट्रोल पंप पहुंची। यहां गुरुवार सुबह पांच बजे से करीब 10 बजे तक छानबीन करती रही। टीम मैनेजर को अपने साथ औरैया लेकर गई है। मौके पर बिहार प्रांत से पंजीकृत गाड़ी होने पर लोगों में यह कार्रवाई बिहार के कैमूर जिले में कारतूसों के जखीरे में हुई गिरफ्तारी व उससे तार जुड़ने को लेकर मानी जा रही है।
विज्ञापन

एनआईए, ईडी की करीब 15 टीमों ने औरैया के व्यापारी कमलकांत वर्मा के घर व प्रतिष्ठानों पर बुधवार रात दो बजे छापेमारी की थी। इसमें देहात से कुछ तार जुड़े होने पर टीम गुरुवार तड़के पांच बजे के करीब बम निरोधक दस्ता व अछल्दा थाना टीम के नेतृत्व में झांसी-कानपुर हाईवे पर मावर स्थित कमलकांत वर्मा के पेट्रोल पंप पर पहुंची। टीम ने पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ऑफिस में रखे अभिलेखों की छानबीन की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। इसके बाद परिसर में खड़े ट्रकों की जांच की।
साथ ही पेट्रोल पंप के पीछे बनी पार्किंग में खड़े कबाड़ वाहनों व अन्य सामानों की बम निरोधक दस्ते की मदद से गहन जांच करवाई। इस दौरान टीम ने कुछ सामान भी हटवाया। सुबह 10 बजे से पहले टीम पेट्रोल पंप के ऑफिस से कुछ अभिलेख, डीवीआर व पेट्रोल पंप के मैनेजर को अपने साथ ले गई। वहीं टीम की छापामारी के बाद चर्चा रही कि बिहार के कैमूर जिले में जून माह में एसटीएफ ने एक कार से करीब 3700 कारतूसों का जखीरा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया था। सूत्रों की माने तो बिहार में पकड़े गए लोगों के तार कमलकांत से जुड़े पाए गए हैं। इसी को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की।
विज्ञापन

.........................
बिहार व लखनऊ की नंबर प्लेट लगी कारों से आई टीम
गुरुवार तड़के मांवर स्थित पेट्रोल पंप पर करीब पांच गाड़ी से पहुंची एनआईए की टीम में बिहार व लखनऊ आरटीओ पंजीकरण की प्लेट लगी हुई थी। टीम का नेतृत्व एक महिला अधिकारी कर रही थीं। इधर टीम के छापामारी शुरू करने के बाद जिले के अधिकारियों को इसकी भनक लग सकी। जानकारी होते ही सुरक्षा के लिहाज से भोगनीपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। हालांकि टीम पहले से ही औरैया के अछल्दा थाना की फोर्स साथ लेकर आई थी।
.......................
बयान देने से कतराते रहे अधिकारी
छानबीन करने आई टीम ने किसी भी प्रकार कि कोई भी जानकारी नहीं दी। साथ ही जिले के अधिकारी भी कुछ भी बयान देने से कतराते रहे। भोगनीपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि टीम ने क्यों छापामारी की, इसको लेकर उनको कुछ भी जानकारी नहीं है। वह बस सुरक्षा के लिहाज से मौके पर पहुंचे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें