यूपी के हमीरपुर जिले में रविवार को मुख्यालय स्थित कलक्ट्रेट मीटिंग हाल में प्रदेश सरकार के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कर्नाटक में भाजपा को मिली शिकस्त पर कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि तीसरे नंबर की पार्टी वहां सरकार बनाने जा रही है। जबकि, भाजपा 104 सीटें पाकर पहले नंबर पर है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि भाजपा कर्नाटक में विश्वास मत हार गई है। जो बड़े ही दुर्भाग्य की बात है। लेकिन तीसरे नंबर की पार्टी सरकार बनाने जा रही है यह उससे भी ज्यादा दुर्भाग्य की बात है। कैबिनेट मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में सपा और बसपा ने किसानों के लिए कोई काम नहीं किया है। किसान गेहूं बेचने के बाद भी भुगतान के लिए परेशान घूमता था। उन पर लाठीचार्ज भी किया गया था लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार में 6 लाख से अधिक किसानों का अभी तक गेहूं खरीदा जा चुका है। जिन्हें 5 करोड़ 742 लाख रुपये का भुगतान भी किया है। पूरे प्रदेश में 33 लाख से अधिक एमटी गेहूं की खरीद हो चुकी है। आजादी के 70 साल बाद पहली बार किसानों के कर्जे माफ किए गए हैं। इस जिले में ही 32154 किसानों के कर्जे माफ किए हैं। पहली बार चना, मसूर और सरसों की खरीद के लिए केंद्र संचालित किए हैं।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में किसानों के लिए बीज में मिलने वाला अनुदान 50 से बढ़ाकर 80 फीसदी कर दिया है। इस साल बुंदेलखंड में 2 लाख हेेक्टेयर में खरीफ का आच्छादन बढ़ाया जाएगा। खरीफ में 810000 क्विंटल बीज भी बांटा जाएगा। इस वर्ष खरीफ की फसल 858000 हेक्टेयर में कराए जाने की बात कही। आंधी, तूफान और ओलावृष्टि आदि दैवी आपदाओं में नुकसान को लेकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पीड़ितों को सरकार ने राहत मुहैया कराई है। आपदा पीड़ितों की मदद के लिए केंद्र से भी 880 करोड़ की धनराशि मांगी गई है।