मालरोड स्थित भारतीय रिजर्च बैंक मे आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह मे बैंक स्टाफ के श्रीप्रकाश व निजी वाहन चालक केशव प्रसाद यादव को जीवन रक्षा पदक पुरस्कार 2015 देते भारतीय रिजर्व बैंक के कार्यपालक निदेशक दीपक सिंघल, क्षेत्रीय निदेशक विवेकदीप व फायर सर्विस कानपुर मंडल के उप निदेशक प्रेम प्रकाश अवस्थी।
- फोटो : amarujala
अपनी जान जोखिम में डालकर रिजर्व बैंक (कानपुर) के एक अधिकारी की पत्नी को आग से बचाने वाले कर्मचारी श्रीप्रकाश व केशव कुमार को राष्ट्रपति की तरफ से जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को रिजर्व बैंक के कार्यपालक निदेशक (मुुंबई) दीपक सिंघल ने भव्य समारोह में उन्हें पदक सौंपे। बैंक के कर्मचारी रामलाल, रामनारायण, रामरतन को प्रशंसनीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यपालक निदेशक ने बताया कि वर्ष 2015 में देश भर में 50 लोगों को जीवन रक्षा पदक दिया गया है। इनमें से तीन उत्तर प्रदेश के हैं, जिनमें दो रिजर्व बैंक कर्मचारी श्रीप्रकाश व केशव कुमार हैं। रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक विवेकदीप ने कहा कि दोनों जांबाजों ने जो किया वह उनका मूल काम नहीं था। यह सब इनके अदम्य साहस से संभव हो सका। इस दौरान फायर सर्विस के उपनिदेशक प्रेम प्रकाश अवस्थी मौजूद रहे।
ऐसे बचाई थी जान
क्षेत्रीय निदेशक के निजी सचिव केएन वाजपेयी रिजर्व बैंक के पीछे बनी कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। 19 सितंबर 2014 को इनके घर में सिलेंडर लीकेज से आग लग गई थी। गोपीनाथपुरम शुक्लागंज निवासी रिजर्व बैंक के ऑफिस अटेंडेंट श्रीप्रकाश व यशोदा नगर निवासी केशव कुमार ने अपने अधिकारी की पत्नी को बचाकर बाहर निकाला था। इस बचाव कार्य में कर्मचारी रामलाल, रामनारायण, रामरतन का भी सहयोग था।