कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में प्लास्टिक सर्जरी की सुपर स्पेशियलिटी की पढ़ाई होगी। बर्न स्पेशियलिटी में तीन पद स्वीकृत होने के बाद सुपर स्पेशियलिटी कोर्स एमसीएच की दो सीटें मिलने का रास्ता साफ हो गया है। कॉलेज ने अलग प्लास्टिक सर्जरी विभाग बनाए जाने का खाका तैयार कर लिया है। विभाग बन जाने के बाद बर्न रोगियों को विशेषज्ञता वाला इलाज मिलेगा। इसके साथ ही कॉस्मेटिक सर्जरी का रोगियों को लाभ मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि बर्न स्पेशियलिटी के मद्देनजर उन्हें एक प्रोफेसर, एक एसोसिएट प्रोफेसर और एक असिस्टेंट प्रोफेसर का पद मिला है। इतनी फैकल्टी में दो एमसीएच की सीटें मिलेंगी। अभी सर्जरी विभाग के पास दो प्लास्टिक सर्जन हैं। इन्हें भी प्लास्टिक सर्जरी विभाग में शामिल कर दिया जाएगा। विभाग के पास बर्न वार्ड भी तैयार हो गया है। कुछ कमियों की वजह से अभी हैंडओवर नहीं किया जा सका। प्लास्टिक सर्जरी विभाग में महिलाओं और पुरुषों का अलग वार्ड होगा। इसके साथ आईसीयू की भी व्यवस्था रहेगी। शासन की अनुमति के बाद स्टाफ की नियुक्तियां होने लगेंगी। शासन को उपकरणों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।