डेन अंबे केबल नेटवर्क और ‘अमर उजाला’ की ओर से ग्रीन पार्क में सोमवार को हुए डेन प्रीमियर लीग (डीपीएल) में डेन सनराइजर्स और डेन सुपरकिंग ने अपने-अपने मैच जीते। असिस्टेंट कमिश्नर इनकम टैक्स अरविंद त्रिवेदी ने मैन ऑफ दि मैच डेन सुपरकिंग के राहुल मल्होत्रा को पुरस्कृत किया। वहीं सीओ सिटी राकेश कुमार ने डेन सनराइजर्स के गौरव दीक्षित को इस पुरस्कार से नवाजा।
पहले मुकाबले में डेन टस्कर ने टॉस जीतकर डेन सुपरकिंग को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। राहुल मल्होत्रा के 80 रन (53 गेंद, 12 चौकों) की मदद से डेन सुपरकिंग ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। डेन टस्कर के गेंदबाज वसीम ने 33 रन देकर चार विकेट और काके कपूर ने 23 रन देकर दो विकेट झटके।
जवाब में डेन टस्कर की टीम 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 164 रन ही सकी। युवराज सिंह ने 58 रन (36 गेंद) और वसीम ने नाट आउट 42 रन बनाए। डेन सुपरकिंग की ओर से नदीम रजा ने 14 रन देकर दो और हरजिंदर सिंह ने 27 रन देकर एक विकेट लिया।
दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए डेन रॉयल चैलेंजर्स ने 15.4 ओवर में 75 रन बनाए। टीम के राहिल ने 38 रन बनाए। डेन सनराइजर्स के शिरीष दीक्षित और गौरव दीक्षित ने 16-16 रन देकर तीन-तीन विकेट लिए।
जवाब में डेन सनराइजर्स ने गौरव दीक्षित के 17 और आदित्य तिवारी के 18 रन की मदद से 12 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 77 रन बनाकर मैच जीत लिया। संजय भरथरिया, राजेश सिंह और रमन अरोड़ा लगातार सातवें वर्ष आयोजन में शामिल हैं। अंपायर नावेद अफाक और सुरेंद्र कनौजिया रहे।