बर्रा-दो के मनोहर नगर में अभी स्कूल गेट पर सड़क धंसने का मामला शांत नहीं हो पाया कि रविवार को यहां से कुछ दूरी पर डेढ़ साल पहले दस लाख की लागत से बनी नगर निगम की इंटरलाकिंग सड़क भी धंस गई।
इससे मौरंग लदा ट्रक मकान पर पलटते बचा। शुक्र है कि ट्रक लगभग 40 डिग्री ही झुका वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्रीय लोगों के हो-हल्ला मचाने पर ट्रक में मौजूद मजदूरों ने मौरंग को सड़क पर गिराकर ट्रक खाली किया।
बता दें कि बुधवार को 40 लाख की लागत से बनी सड़क धंसने से मौरंग लदा ट्रक स्कूल के गेट पर पलटते बचा था। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम अफसरों पर ठेकेदार से साठगांठ करके घटिया सड़क निर्माण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था और नगर आयुक्त मामले की जांच करा रहे हैं।
इलाके में रहने वाले पकंज, अवधेश सिंह, दुर्गेश और बबलू ने क्षेत्र में ट्रकों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से सड़कें धंस रही हैं। पार्षद सुरजीत सचान का कहना है कि कुछ समय पहले जल निगम ने वाटर लाइन बिछाई थी। उसके बाद बनाई गई सड़क का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।