शहर को जाम से निजात दिलाने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए
आईजी आशुतोष पांडेय के 15 दिवसीय प्लान के दूसरे दिन रविवार को चिह्नित जाम
प्वाइंटों पर ट्रैफिक और थाना पुलिस के कर्मचारी तैनात जरूर रहे लेकिन
ट्रैफिक व्यवस्था संभालने की बजाय सड़क के किनारे धूप सेंकते रहे। कई जगह
गप्पें मारते नजर आए और लोग जाम से जूझते रहे। संवाददाता ने शहर के चिह्नित
जाम प्वाइंटों में से पांच जगह का दौरा किया, जैसा नजर आया, हम आपको बता
रहे हैं ः
दोपहर 12.55 बजे: गुटैया क्रासिंग
टीएसआई कुंदन सिंह अपने हमराह होमगार्ड दीपक दीक्षित के साथ गुटैया क्रासिंग की तरफ सड़क के एक किनारे खड़े होकर धूप सेंक रहे थे। चौराहे के चारों तरफ टेंपो, आटो, रिक्शा और ठेले खड़े थे। जाम लगा था।
जैसे ही फोटो जर्नलिस्ट ने फोटो खींची, टीएसआई और होमगार्ड दोनों सक्रिय हो गए। बेतरतीब ढंग से टेंपो चला रहे चालक को पकड़कर पीट दिया। डंडा लेकर रिक्शा और आटो वालों को चौराहे से खदेड़ दिया। कैमरे में कैद होने के बाद टीएसआई ने कहा कि इतना बड़ा चौराहा है हम दो लोग (टीएसआई और होमगार्ड) ट्रैफिक कैसे संभाल सकते हैं।
दोपहर 1.35 बजे: टाटमिल चौराहा
एक ट्रैफिक सिपाही ट्रैफिक बूथ पर खड़ा होकर ट्रैफिक संचालित कर रहा था। एक टीएसआई, दो ट्रैफिक सिपाही और तीन होमगार्ड सड़क के किनारे खड़े आपस में गप्प मार रहे थे। ये पुलिसकर्मी बातचीत में इतना मशगूल थे कि हमारे फोटो जर्ननिस्ट ने इन्हें कैमरे में कैद कर लिया और इन्हें पता भी नहीं चला।
1.45: झकरकटी बस अड्डा
ट्रैफिक और थाने के सिपाही व दरोगा की ड्यूटी थी। ये लोग अड्डा परिसर में बने पुलिस बूथ के बाहर बेंच पर बैठे धूप सेंक रहे थे। बस अड्डा में तैनात पीआरडी कर्मी विनोद कुमार और जितेंद्र कुमार सड़क पर डंडा लेकर सलमान द्वार पर व्यवस्था संभालते रहे। यहां भी वाहनों के आड़े-तिरछे खड़े होने से जाम लगा था।
दोपहर 2.05 बजे: घंटाघर चौराहा
एक ट्रैफिक कांस्टेबल ड्यूटी पर मौजूद था। वह भी हरबंश मोहाल थाने के पुलिस सहायता केंद्र के बाहर हाथ पर हाथ धरे खड़ा था। चौराहे केचारों तरफ रिक्शा, ई-रिक्शा, आटो और टेंपो खड़े थे। जो जिधर से चाह रहा था वाहन लेकर आ रहा था।
इस वजह से वहां रूक-रूक वाहनों की गति थमी और जमा लगा पर कांस्टेबल इन सबसे से बेपरवाह खड़ा रहा। जबकि आईजी ने निर्देश दिए हैं कि चौराहे के 25 मीटर की परिधि पर न तो कोई वाहन खड़ा होगा और न ही दुकान लगेगी। आईजी के आदेश की पुलिस कर्मी अनदेखी कर रहे
2.48 बजे: कोकाकोला चौराहा
टीएसआई गिरिराज सिंह, एक ट्रैफिक कांस्टेबल, दो होमगार्ड ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। रेलवे क्रासिंग से नजीराबाद थाने की तरफ डिवाइडर पर शनिवार को नायलोन रस्सी बांधी गई थी वह रविवार को गायब दिखी। इससे लोग उल्टी दिशा में वाहन लेकर आते-जाते रहे। टीएसआई और मातहतों के साथ क्रासिंग की दीवार के पास बतियाते नजर आए।