कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में कई दिनों से चल रहे बवाल और उपद्रव के चलते कक्षाओं पर असर पड़ा है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सभी विभागों से छात्रों की उपस्थिति से जुड़ी जानकारी मांगी है। इसके मुताबिक जिन छात्रों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी उन्हें परीक्षा में बैठने का मौका नहीं दिया जाएगा।
डीन कृषि संकाय प्रो. पूनम सिंह ने बताया कि इस बाबत सभी विभागों के अध्यक्ष को सूचना जारी कर दी गई है। विभागों से जानकारी मिलते ही ऐसे छात्रों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी जिनकी तय सीमा से उपस्थिति कम होगी।
उधर, सीएसए में लगातार हो रहे बावल को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के दोनों गेट पर तीन से चार सिक्योरिटी गार्ड बैठाए गए हैं। विश्वविद्यालय में प्रवेश से पहले अब लोगों को इन गार्ड्स के पास नाम और पता की जानकारी रजिस्टर में दर्ज करानी होगी।