कानपुर देहात। यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों के लिए अब बाजारों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2027-28 में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को समय से किताबें उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में अधिकृत डीलर निर्धारित किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन होम डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। शैक्षिक सत्र 2027-28 की पाठ्य पुस्तकों की छपाई के लिए टेंडर अक्तूबर में प्रस्तावित है। बोर्ड की योजना के अनुसार जनवरी 2027 तक पुस्तकों का प्रकाशन पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जनवरी के अंतिम सप्ताह तक किताबें बाजार में उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे नया शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को किताबें आसानी से मिल सकेंगी।
कक्षा नौ और 10 के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान समेत विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, लेखाशास्त्र, मनोविज्ञान और गृह विज्ञान सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें शामिल होंगी। डीआईओएस बृजभूषण चौधरी ने बताया कि बोर्ड का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबों की उपलब्धता के लिए बाजार में भटकने से बचाना और दूरस्थ क्षेत्रों तक पाठ्य पुस्तकों की पहुंच आसान बनाना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद जिले के विद्यार्थियों को समय से किताबें उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।