कानपुर। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही विद्यार्थियों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और पेशेवर कौशल विकसित करने के अवसर मिलेंगे। इसके लिए वीएसएसडी कॉलेज के वाणिज्य संकाय विभाग और अवोक इंडिया के बीच शुक्रवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
इसके तहत विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों से जुड़ने, कॅरिअर मार्गदर्शन पाने और रोजगार की तैयारी करने का अवसर मिलेगा। दोनों संस्थान मिलकर कौशल विकास कार्यक्रम, व्यावसायिक प्रशिक्षण और इंटर्नशिप की गतिविधियां संचालित करेंगे। विद्यार्थियों को उद्योगों में काम करने के तौर-तरीकों, पेशेवर व्यवहार और कार्यक्षेत्र की जरूरतों से परिचित कराया जाएगा। उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद के जरिये उन्हें यह समझने में मदद मिलेगी कि नौकरी के लिए किताबी ज्ञान के अलावा किन क्षमताओं की जरूरत होती है। एमओयू के दौरान प्राचार्य प्रो. नीरू टंडन, वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष प्रो. मनोज अवस्थी, डॉ. विवेक सिंह और अवोक इंडिया ग्रुप के संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रवीण कुमार द्विवेदी मौजूद रहे।