कानपुर। मेफेड्रोन की तस्करी में शामिल दाऊद का साथी खैय्याम और रिजवान की कुंडली पुलिस ने खंगालनी शुरू कर दी है। फजलगंज पुलिस ने बताया कि दोनों ही लग्जरी गाड़ियाें और मकानों के मालिक हैं। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि रिजवान के शहर में श्यामनगर, बाबूपुरवा और ट्रांसपोर्टनगर में तीन मकान हैं जबकि सरगना खैय्याम के मुंबई के धारावी में दो फ्लैट हैं। पुलिस के मुताबिक खैय्याम की दो पत्नियां हैं। दोनों अलग-अगल फ्लैट में रहती हैं।
रिजवान के पास रेंजरोवर्स, वरना व मारुति के अलावा एक और छोटी कार है। रिजवान एक स्कूटी और बाइक का भी मालिक है। हाल ही में खैय्याम ने रिजवान के भाई अबरार को एक कार गिफ्ट की थी। उसके कागजों में आज भी खैय्याम का ही मोबाइल नंबर दर्ज है। रिजवान का एक भाई ऑटो चलाता है और दूसरा मवेशियों की खरीद फरोख्त का काम करता है।
पिता कुवैत में भी रहकर नौकरी कर चुके हैं। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि पुलिस को खैय्याम के अलावा दानिश और बाबूपुरवा निवासी अरबाज कट्टा की सरगर्मी से तलाश है। ये दोनों भी मेफेड्रोन की तस्करी के पुराने मोहरे हैं। अरबाज कट्टा भी महंगी बाइक और मोबाइल रखता है। तीनों तस्करों का पता लगाने के लिए डीआरआई जल्द ही रिजवान को रिमांड पर लेकर जानकारी जुटाएगी।