रसूलाबाद। संविलियन विद्यालय रसूलाबाद में नए शैक्षिक सत्र के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें खंड शिक्षा अधिकारी अजब सिंह द्वारा बच्चों को वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरित किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को रिपोर्ट कार्ड वितरित किए और अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कहा कि प्राथमिक स्तर की शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव होती है। इसलिए सभी बच्चों को पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का भी स्वागत किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि नए सत्र में कक्षा एक में पांच बच्चों तथा कक्षा छह में 11 बच्चों ने प्रवेश लिया है। नए बच्चों का शिक्षकों द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और उन्हें पुस्तकें वितरित कर विद्यालय से जोड़ा गया। वहीं अच्छे अंक लाने वाले परीक्षार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया साथ में सभी बच्चों को पानी की बोतल दी गई। यहां नीरज, तृप्ति दीक्षित, अनुजा बिश्नोई, अरविंद, शिवानी, बृजेश, अक्षय आदि मौजूद रहे।