कानपुर। अक्षय तृतीया का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। इसके लिए सराफा, रियल इस्टेट, आटोमोबाइल बाजार में खासा उत्साह है। कारोबारियों ने अच्छी तैयारी की है। सराफा में गहनों की बनवाई पर शानदार आफर दिए जा रहे हैं। सोना-चांदी के भाव में तेजी के चलते एक ग्राम से लेकर 10 ग्राम तक के सोने के सिक्के बाजार में लाए गए हैं। हल्के गहनों की मांग ज्यादा है। पांच-छह ग्राम के नेकलेस, एक ग्राम से कम भार वाली अंगूठी के ऑर्डर कारोबारियों को मिले हैं। वहीं, दो पहिया और चार पहिया वाहनों की अच्छी बुकिंग हुई है। लग्जरी फ्लैटों की ज्यादा मांग से रियल इस्टेट कारोबार में पर्व पर बूम देखने को मिल सकता है।
धनतेरस के बाद सोने-चांदी की बिक्री के दूसरे सबसे बड़े पर्व अक्षय तृतीया के एक दिन पहले बिरहाना रोड, चौक सराफा, नयागंज समेत शहर के सभी प्रमुख सराफा बाजारों को सजाया जाने लगा है। सोना-चांदी के भाव तेज होने के बाद भी पर्व के दिन अच्छे कारोबार की उम्मीद की जा रही है। ग्राहकों में हल्की ज्वैलरी की मांग अधिक है। पोल्की, कुंदन, टेंपल ज्वेलरी की नई-नई डिजाइन लेकर कारोबारी आए हैं। बुलियन और सिक्कों की मांग को देखते हुए कम भार वाले सिक्के लाए गए हैं।
ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतें पिछले वर्ष की तुलना में बहुत अधिक हैं। पिछले साल 17 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इस साल सोने की कीमत करीब एक लाख रुपये प्रति ग्राम और चांदी की कीमत एक लाख रुपये प्रति किलोग्राम है। कानपुर में करीब 900 बड़े सराफ हैं। यदि हर सराफ 20 ग्राम सोना बेचता है तो कुल सोने की बिक्री 18 किलोग्राम होगी, इसकी कीमत लगभग 18 करोड़ रुपये होगी। अक्षय तृतीया पर लगभग 27 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। उप्र सराफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा ने बताया कि ग्राहकों में पर्व को लेकर उत्साह है। गणेश लक्ष्मी, राधा-कृष्ण, दुर्गाजी, हनुमानजी, रामदरबार के सिक्कों के साथ ही चांदी के बर्तनों के अलावा अयोध्या धाम का मंदिर का माॅडल, शिवंलिग, त्रिशूल, फरसा, तलवार, डमरू आदि बाजार में लाया गया है। सोने की गिन्नी, एक ग्राम, दो ग्राम, पांच और 10 ग्राम के सोने के सिक्के भी बाजार में है।
कानपुर। पंडित पीएन द्विवेदी ज्योतिषाचार्य ने बताया कि 29 अप्रैल को शाम 5.32 बजे से 30 अप्रैल को दोपहर 2.13 बजे तक तृतीया तिथि रहेगी। उदया तिथि की वजह से अक्षय तृतीया 30 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस दिन अबूझ मुहूर्त होने के कारण कोई भी काम कभी भी शुरू किया जा सकता है। सोना-चांदी, संपत्ति या वाहन की खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। शास्त्रों में इसे युगादि तिथि कहा गया है। यानी इस दिन त्रेतायुग की शुरुआत हुई थी इसलिए इस दिन कोई मुहूर्त दोष नहीं माना जाता है। मिट्टी का घड़ा, बर्तन, कौड़ी, जौं, पीली सरसों, दक्षिणावर्ती शंख, श्रीयंत्र, धनिया भी खरीदकर घर ला सकते हैं। अक्षय तृतीया के दिन प्लास्टिक जैसी अशुद्ध धातु की चीजें, काला कपड़ा, कांटेदार या धारदार सामान खरीदने से बचना चाहिए। अक्षय तृतीया वाले दिन शहर में एक हजार से ज्यादा शादियां भी हो रही हैं।
अक्षय तृतीया को लेकर बाजार में उत्साह है। सोना-चांदी के भाव तेज रहने के बाद भी ग्राहकों का बहुत अच्छा रूझान देखने की उम्मीद है। पांच से 10 ग्राम भार वाले सिक्कों की मांग दिख रही है। हल्के वजन वाले गहनों के आर्डर मिले हैं। हीरे की ज्वैलरी के अलावा सोने की कुंदन, पोल्की, टेंपल ज्वैलरी की मांग देखी जा रही है।
-विवेक गुप्ता, निदेशक, लाला पुरूषोत्तम दास ज्वैलर्स।
सोने-चांदी के भाव तेज होने के बाद भी अक्षय तृतीया पर बाजार अच्छा रहने की उम्मीद है। ग्राहक अपनी पसंद की ज्वैलरी की खरीदारी करेंगे। सोने, डायमंड की ज्वैलरी की अच्छी मांग है। पर्व को लेकर ग्राहकों में उत्साह है। सराफा ने अच्छी तैयारी की है।
-रवि कपूर, निदेशक केज ज्वैल्स।
अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी की खरीदारी करना बेहद शुभ होता है। इस दिन लोग बहुत अच्छी खरीदारी करते हैं। इसके लिए बाजार और ग्राहकों में खासा उत्साह है। एक, दो ग्राम भार वाले सिक्कों की अच्छी मांग दिख रही है। अच्छे कारोबार की उम्मीद कर रहे हैं।
पवन कुमार वर्मा, मालिक पवन ज्वैलर्स।
सोना-चांदी के भाव
तारीख सोना चांदी
22 अप्रैल 1,01450 98,000
23 अप्रैल 98,350 99,300
24 अप्रैल 98,600 1,00600
25 अप्रैल 98,300 1,00450
26 अप्रैल 98,700 99,700
28 अप्रैल 97,700 99,350
29 अप्रैल 98,850 100,250
नोट : सोने के भाव प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव प्रति किलो में (उप्र सराफा एसोसिएशन के अनुसार)। (27 अप्रैल को बाजार बंद था)
बीते सालों में अक्षय तृतीया पर भाव
साल सोना चांदी
2022 52,700 65,000
2023 61,800 76,500
2024 74,900 86,700