मानव श्रंखला बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाते स्टूडेंट्स
- फोटो : अमर उजाला
गिनीज ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में कानपुर देहात जिले का नाम शामिल कराने के लिए तीन किलोमीटर लंबी मानव श्रंखला बनाकर छात्र-छात्राओं ने लोगों को वोट के लिए जागरूक किया। इस दौरान माती से लेकर अकबरपुर तक करीब 3700 छात्र-छात्राओं की मानव श्रंखला बना कर कीर्तिमान बनाया गया। इस दौरान गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को प्रमाण पत्र दिया।
मानव श्रंखला का अभी तक करीब 2139 लोगों के शामिल होने का गिनीज आफ वर्ल्ड रिकार्ड संयुक्त अरब अमीरात के नाम था। जिसे तोड़ने के लिए गुरुवार को करीब 3793 छात्र-छात्राओं की मानव श्रंखला बनाकर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी कुमार रविकांत सिंह, एसपी प्रभाकर चौधरी ने फीता काट कर किया।
इस दौरान माती से लेकर अकबरपुर तक तीन किलोमीटर लंबी कई स्कूल, कालेजों के छात्र-छात्राओं की मानव श्रंखला बनाई गई। जिन्होंने हाथों पर मतदाता जागरूकता लिखा तीन किलोमीटर लंबा बैनर लेकर मतदान के लिए जागरूक किया। इस दौरान श्रंखला करीब सौ मीटर तक एक साथ निकली। कार्यक्रम गिनीज आफ वर्ल्ड रिकार्ड अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। सुबह से दोपहर तक चली कवायद के बाद जिले ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस पर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को प्रमाण पत्र सौंपा।