अव्यवस्थाओं से नाराज छात्रों का हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हरदोई जिले में मंगलवार को विद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्र सड़क पर उतर आए। जानकारी के अनुसार टोडरपुर विकासखंड के ग्राम चठिया में समाज कल्याण विभाग के अधीन आश्रम पद्धति विद्यालय का संचालन होता है।
विद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर कई बार विद्यार्थियों ने शिकायत समाज कल्याण अधिकारी से की, मगर कोई बदलाव नहीं हुआ। आक्रोशित छात्र विद्यालय से बाहर आ गए और पैदल ही डीएम से मिलने के लिए हरदोई की ओर चल दिए।
इसकी जानकारी मिलने पर प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। अपर पुलिस अधीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी आदि ने बच्चों को हरदोई शाहजहांपुर मार्ग पर बेहटा गोकुल थाने के बाहर रोक लिया बच्चे नहीं माने तो उन्हें जबरन ही थाना परिसर के अंदर ले जाकर बंद कर दिया गया।
बच्चों के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद बच्चे दरवाजा खोल कर फिर से बाहर निकल आए और हरदोई की तरफ रवाना हो गए। बच्चे डीएम से मिलकर अपनी बात कहने की जिद पर अड़े हैं।