कानपुर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र के गुजैनी में झांसी रेलवे लाइन पर शनिवार को संदिग्ध हालात में 11वीं के छात्र का क्षतविक्षत शव पड़ा मिला। परिजनों ने इकलौते बेटे की हत्या कर शव पटरी पर फेंकने का आरोप लगाया। गुजैनी जे-ब्लॉक में किराये के मकान में रहने वाले फैक्ट्री गार्ड सुरजीत सिंह का इकलौता बेटा गगनदीप उर्फ नानू (17) एक फैक्ट्री में काम करता था।
बहन रविंदर ने बताया कि उसका मोबाइल खराब हो गया था तो उसने पिता का मोबाइल ले लिया था। शुक्रवार को वह मां जसविंदर कौर से नया मोबाइल लेने जाने की बात कहकर निकला था। मां ने उसे तीन हजार रुपये दिए थे। घर से निकल कर वह दादानगर स्थित फैक्टरी में पिता के पास पहुंचा और 800 रुपये लिए। इसके बाद से वह लापता हो गया।
देर रात 10 बजे पिता के मोबाइल से कॉल कर घर आने की बात कही थी लेकिन आया नहीं। सुबह कुछ लोगों ने रेलवे लाइन पर शव पड़ा होने की जानकारी दी। उसकी जेब से 3800 रुपये व मोबाइल फोन गायब मिला। सूत्रों ने बताया कि जिस जगह पर शव मिला है, उससे करीब 10 कदम की दूरी पर झाड़ियों में देर रात तक अराजकतत्व मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में जुआ खेला करते हैं।
हो सकता है कि वह जुए में पैसा जीत गया होगा, जिसके बाद जुआरियों ने उसका मोबाइल और नकदी लूट कर उसकी हत्या कर दी हो। रतनलालनगर चौकी इंचार्ज मनोज भाटी के अनुसार पटरी पर युवक का ताजा खून पड़ा होने के कारण हत्या की बात गलत है। मोबाइल और नकदी गायब होने के विषय की जांच की जा रही है।