छात्र की फाइल फोटो व मौके पर जानकारी करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में जालौन जिले के कोटरा थाना इलाके में बेतवा नदी के सला घाट पर पिकनिक मनाने आए छात्र का पैर पत्थर पर सेल्फी लेते समय फिसल गया। इससे वह नदी में डूब गया। परिजनों की चीख पुकार सुनकर मंदिर पर बैठे ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए।
गांव के ही गोताखोरों की मदद से युवक को ढूंढने का प्रयास किया गया। यह सफल नहीं हुए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोर के शव को दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। किशोर की मौत से कोहराम मच गया।
कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम सला घाट जागेश्वर धाम झांसी के एरच निवासी मिलन अहिरवार (17) पुत्र महेश अहिरवार अपने जीजा गौरी शंकर, बहन आरती पाल, भाभी प्रांशु, बड़े भाई कुलदीप अहिरवार सहित परिवार के सदस्यों के साथ बेतवा नदी के सला घाट पर पिकनिक मनाने आया था।
परिजन चिकने पत्थरों पर पिकनिक मनाने लगे। तभी सेल्फी लेते समय मिलन का पैर फिसल गया। वह नदी में गिर गया। तेज बहाव के चलते वह पानी में बहने लगा। बेतवा में ज्यादा पानी और तेज बहाव से वह लापता हो गया।