यूपी के कानपुर में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ा है कि हर कोई डर-डर कर घर से बाहर निकलता। लोगों को लगता है कि वे भी कहीं इनका शिकार न हो जाएं। पिछले चार दिनों शहर में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं जिससे लोगों में आवारा कुत्तों के हमले का खौफ बढ़ गया।
गुरुवार को शहर के जाजमऊ में केडीए ग्रीनहाउस बिल्डिंग के पास हुई घटना में नमाज पढ़कर लौट रहे आठ साल के बच्चे को आवारा कुत्ते ने काटकर लहूलुहान कर दिया। आस-पास के लोगों ने कुत्ते को ईंट-पत्थर मारकर भगाया। परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें शांत कराया। बच्चे को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। पांच जून को तातियागंज चौबेपुर में भी कुत्तों ने एक बच्चे को काटकर लहुलुहान कर दिया था। वह अस्पताल में गंभीर हाल में भर्ती है।
दो दिन पहले भूखे आवारा कुत्तों ने मासूम को नोच डाला था
कानपुर के चौबेपुर में मंगलवार सुबह विशंभर सिंह प्रताप सिंह महाविद्यालय के कैंपस में खेल रहे आठ साल के मासूम पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुन मजदूरों ने कुत्तों को भगाकर बच्चे को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे हैलट रिफर कर दिया गया। हैलट इमरजेंसी में भर्ती बच्चे की हालत बेहद गंभीर है।