महिलाओं की सुरक्षा उत्तर प्रदेश में कैसे होगी, जहां खुद सपा नेता मुलायम सिंह यादव रेप करने वालों को बच्चा बताकर उनका उत्साहवर्धन करते हों। सपा सरकार सत्ता में आती है तो महिलाओं की असुरक्षा बढ़ जाती है। हमेशा गलती हो जाती है यूपी की पब्लिक से जो ऐसी सोच रखने वालों को वोट देकर सिर पर बिठा लेते हैं। ऐसे लोग महिलाओं की सुरक्षा कैसे कर सकते हैं।
यह कहना है केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल का। उन्होेंने सोमवार को एक डिबेट के दौरान समाजवादी पार्टी की जमकर आलोचना की और उत्तर प्रदेश की जनता को उन्हें वोट देने पर कोसा। अनुप्रिया ने कहा कि यहां पुलिस गश्त करने नहीं आती अपराधी दिन-रात गश्त करते रहते हैं। हैलट हॉस्पिटल का मसला भी महापंचायत में जोरदारी से उठा, एंकर के सवाल पर अनुप्रिया ने कहा कि सरकारी अस्पताल के डॉक्टर जबतक मनमर्जी से काम करना नहीं छोड़ेंगे तबतक मरीजों के हाल बिगड़े ही रहेंगे। हैलट में इंचार्ज अपनी जिम्मेदारियों को नहीं समझता और पीआरओ अस्पताल में आए मरीजों की बात सुनने की बजाय उन्हें भगा देता है। अस्पताल के हालात तो ऐसे हैं कि वहां मरीजों को स्ट्रेचर नहीं मिलता और डॉक्टर महंगी महंगी दवाईयां गरीब मरीजों को लिख देते हैं। जिसकी वजह से उन्हें अपने घर का सामान बेचकर रिश्तेदारों से उधार लेकर दवाईयों का खर्च वहन करना पड़ता है। ऐसे चलेगा तो कैसे बेहतर हो सकेंगी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं। अनुप्रिया ने मायावती की सरकार को सपा सरकार से बेहतर बताया। कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तो यूपी में माहौल बेहतर होगा। सरकार धन लूटने में लगी है उसे महिलाओं की आबरू लुटने से कोई मतलब नहीं है। यूपी में चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियों में सरगर्मियां तेज हो गईं हैं हर कोई अपने को बेस्ट बताकर वोट बैंक बटोरने में जुट गए हैं।