जूही में महिला पर हमला करते आवारा कुत्ते।
- फोटो : वीडियो
कानपुर। जूही में आवारा कुत्तों ने सोमवार को दवा लेने जा रही महिला पर हमला बोल दिया। अचानक कुत्तों के एक साथ हमला कर देने से दहशतजदा महिला जमीन पर जा गिरी। कुत्तों ने महिला को काटने की कोशिश की हालांकि कपड़े मुंह में दब जाने से काट नहीं सके।
इसके बाद महिला ने मदद के लिए शोर मचाया तो क्षेत्रीय लोगों के आ जाने से कुत्ते भाग खड़े हुए। घटना पार्षद शालू सुनील कनौजिया के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। वहीं, पार्षद ने भी शिकायत के बाद भी सुनवाई न हाेने का आरोप लगाया है।
वार्ड 14 की पार्षद शालू सुनील कनौजिया के अनुसार पिछले कुछ दिनों से आवारा कुत्ते काफी हिंसक हो गए हैं। इन कुत्ताें ने रविवार को इलाके में कई लोगों को दौड़ाने के साथ ही ननिहाल में रह रहे छह साल के मासूम को काट लिया था। सोमवार को इलाके में रहने वाली सुनीता गुप्ता घर से दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर जा रही थी तभी कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया।
इससे वह जमीन पर गिरकर घायल हो गई। पार्षद का आरोप है कि उन्होंने हिंसक हो रहे इन कुत्तों को पकड़ने की शिकायत कैटल कैचिंग विभाग में की थी। साथ ही नगर निगम के उच्चाधिकारियों को भी इस की जानकारी दे दी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे क्षेत्रीय लोगों में रोष और दहशत है।