फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: आंधी व हल्की बारिश से भीगी फसलें, गेहूं को ज्यादा नुकसान

Wed, 08 Apr 2026 01:35 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। मौसम ने मंगलवार को फिर एक बार करवट ली। शाम को आंधी संग हल्की बारिश से गेहूं व जौ की फसल को अधिक नुकसान हुआ है। गिरी फसल पूरी तरह सूखने के पहले फिर भीग गई। बीते शनिवार को आंधी आने व बारिश संग ओले गिरने से गेहूं व जौ की फसल खेत में गिर गई थी।
विज्ञापन

रबी सीजन में गेहूं, जौ, सरसों, चना व अरहर की फसल प्रमुख है। मौसम वैज्ञानिकों ने सात व आठ अप्रैल को आंधी व हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी थी। दोपहर तीन बजे तक मौसम ठीक रहा लेकिन शाम होते ही मौसम का मिजाज बदल गया। पहले धूल भरी आंधी आयी इसके बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। सिकंदरा, डेरापुर, रूरा, अकबरपुर, संदलपुर, झींझक, रसूलाबाद व सरवनखेड़ा क्षेत्र में करीब 40 किमी की गति से हवाएं चली और हल्की बारिश हुई।
दो दिन पहले मौसम खराब होने व ओलावृष्टि से गेहूं व जौं की फसलें खेत में गिरी पड़ी है। कटाई के बाद बारिश होने से गट्ठर भीग गए थे। फसलें ठीक से सूख नहीं पाई है। किसान गट्ठर पलटाने के साथ काटी गई फसल को उलट-पलट कर सुखाने का जतन कर रहे थे। इधर फिर से आंधी-बारिश हुई तो किसान हताश नजर आए। मड़ाई के बाद खेत में रखा भूसा भी आंधी में उड़ गया। एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार ने बताया कि बेमौसम बारिश से फसल नुकसान का सर्वे तहसील स्तर पर कराया जा रहा है। फसल बीमा कराने वाले किसानों को बीमा कंपनी एचडीएफसी आर्गाें सर्वे के बाद क्षतिपूर्ति देगी।
विज्ञापन

..............................
पांच दिन छाए रहेंगे बादल, बारिश की संभावना
आगामी पांच दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। बुधवार को भी आंधी चलने और स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। - डॉ. अजय मिश्रा, कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी सीएसए।
............................
भूसे का मोह छोड़ा, हार्वेस्टर से कटाई फसल
सरवनखेड़ा। लगातार मौसम के करवट लेने से किसान अब फसल उठाने पर जोर दे रहे हैं। मंगलवार को दिन में मौसम खुला तो कई किसानों ने हार्वेस्टर से गेहूं की फसल कटवाई। जिठरौली निवासी दीपू सिंह ने बताया कि साल भर की रोटी की व्यवस्था जुटाने के लिए भूसे का मोह छोड़ कर हार्वेस्टर से गेहूं की मड़ाई करा ली। सैथा निवासी राजू मिश्रा ने बताया कि आए दिन हो रही बेमौसम बारिश ने किसान चिंतित हैं। केवल चार बीघा गेहूं की फसल है। जानवरों के लिए भूसा की भी जरूरत है। मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए हार्वेस्टर से फसल कटाने का फैसला लिया लेकिन शाम को बारिश हो गई। अब फसल कटाई टल गई। खेत में गिरी गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। दाने की चमक खराब होने की आशंका है। इधर काटी गई अरहर की फसल कई किसान समेटते नजर आए। (संवाद)
.................
मेहनत कर सुखाए गट्ठर, तीसरी बारिश में भीग गए
रसूलाबाद। तहसील क्षेत्र में शनिवार को पहली बार आंधी संग बारिश हुई थी। इधर रविवार को बारिश संग ओले गिरे। इससे खेत में गिरी फसलें भीग गई थी। सोमवार को किसानों ने खेत में काटी गई फसलों को सुखाने का जतन किया। मंगलवार को सुबह मौसम का मिजाज ठीक रहा। इससे किसान कुछ संभले थे लेकिन शाम को आंधी संग हल्की बारिश से तीसरी बार फसलें भीग गई। बार-बार बारिश से फसलें भीगने से भारी नुकसान है। मौसम की अनिश्चितता से किसान चिंतित हैं। मेहनत व लागत लगाकर तैयार की गई फसलें उठाने की चुनौती बनी है। महेरा निवासी अर्जुन सिंह, जीतापुरवा निवासी अजय सिंह यादव, मलखानपुर निवासी जगतपाल सिंह, कहिंजरी निवासी नरेश ने बताया कि गेहूं व जौ की फसलें भीग गई थी। दो दिन में फसलें सूखी थी लेकिन मंगलवार शाम को आंधी और बारिश से फिर से फसलें भीग गई। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें